DelhiCivicAlerts
BREAKING NEWSDelhi AlertsDelhi politics

जनता के नाम लोकतंत्र का उत्सव: 77वें गणतंत्र दिवस पर दिल्ली विधानसभा के ऐतिहासिक द्वार खुले

77वें गणतंत्र दिवस पर दिल्ली विधानसभा सिर्फ एक सरकारी भवन नहीं, बल्कि जनता के लिए लोकतंत्र का जीवंत मंच बनकर उभरी। तिरंगे की रोशनी में नहाया ऐतिहासिक परिसर, देशभक्ति से गूंजती धुनें और नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी—यह दृश्य भारतीय संविधान की आत्मा और लोकतांत्रिक मूल्यों की सशक्त अभिव्यक्ति था।

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस भारत की लोकतांत्रिक आत्मा, संविधान की दृढ़ता और जनता की सर्वोच्च शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विधानसभा जैसे ऐतिहासिक संस्थान को जनता के लिए खोलना नागरिकों को केवल इतिहास से नहीं, बल्कि लोकतंत्र की जीवंत प्रक्रिया से जोड़ने का माध्यम है।

इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा ने अपने 115 वर्ष पुराने ऐतिहासिक भवन को दो दिनों के लिए आम नागरिकों के लिए खोल दिया। विभिन्न सामाजिक वर्गों से आए नागरिकों, छात्रों, युवाओं और परिवारों ने बड़ी संख्या में परिसर का भ्रमण किया और भारत की संसदीय परंपरा को नज़दीक से महसूस किया।

लोकतंत्र का उत्सव बना विधानसभा परिसर

पूरे परिसर को तिरंगे की विशेष रोशनी से सजाया गया, जिसने ऐतिहासिक भवन को एक प्रेरणादायी प्रतीक में बदल दिया। दिल्ली पुलिस बैंड ने देशभक्ति धुनों ने वातावरण को राष्ट्रगौरव से भर दिया, वहीं साहित्य कला परिषद की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भारतीय विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि को मंच पर सजीव कर दिया।

संविधान निर्माताओं को नमन

अपने संबोधन में अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने संविधान निर्माताओं और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके त्याग और दूरदर्शिता के कारण ही भारत एक संप्रभु, समाजवादी और लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित हो सका। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे सार्वजनिक आयोजन विशेषकर युवाओं को संविधान के मूल्यों—न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व—से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।

इतिहास से वर्तमान का संवाद

अध्यक्ष ने दिल्ली विधानसभा के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह भवन स्वतंत्रता संग्राम से लेकर लोकतांत्रिक विकास के कई निर्णायक क्षणों का साक्षी रहा है। राष्ट्रीय पर्वों पर विधानसभा को जनता के लिए खोलना, इतिहास और वर्तमान के बीच संवाद स्थापित करने जैसा है, जिससे नागरिक अपने लोकतांत्रिक उत्तरदायित्व को और गहराई से समझ सकें।

सुबह ध्वजारोहण के साथ आरंभ हुआ दिन

इससे पहले , गणतंत्र दिवस की सुबह अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संविधान व राष्ट्र के संस्थापक महानुभावों को नमन किया।

ख़बर यहीं तक

Related posts

Making the lease free-hold process of DDA plot and flat online in time bound manner will provide relief to the people of Delhi – Leader of the House Sh Pravesh Wahi

delhicivicalerts

CBI ने दिल्ली में MCD और ASI के अधिकारियों को दो अलग-अलग रिश्वत मामलों में गिरफ्तार

delhicivicalerts

Sirsa: Protecting Ozone Layer Is Our Responsibility Towards Future Generations

delhicivicalerts

Leave a Comment