राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित एक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम है, जो महाविद्यालय और विश्वविद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को सामुदायिक सेवा और नेतृत्व विकास के लिए प्रेरित करता है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित महाविद्यालय दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स (DCAC) में कार्यरत डॉ. अमरेन्द्र कुमार आर्य को कॉलेज का राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का कार्यक्रम पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वे कॉलेज के पत्रकारिता विभाग में सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं।
डॉ. आर्य को यह दायित्व उनके सामाजिक अनुभव, सेवा भावना एवं नेतृत्व क्षमता को ध्यान में रखते हुए सौंपा गया है। छात्र जीवन में वे जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा (बिहार) के NSS इकाई में सक्रिय स्वयंसेवक रहे हैं। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय एकता शिविरों में भाग लिया है तथा विश्वविद्यालय स्तर पर कई समाज कल्याण कार्यक्रमों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
DCAC के प्राचार्य प्रो. राजीव चोपड़ा ने डॉ. आर्य को NSS का कार्यक्रम पदाधिकारी नियुक्त किए जाने पर कहा कि कॉलेज को एक प्रतिबद्ध, संवेदनशील और ऊर्जावान कार्यक्रम अधिकारी मिला है। डॉ. आर्य के नेतृत्व में NSS नई दिशा पाएगा। उप प्राचार्य प्रो. श्रीकांत पाण्डेय ने कहा NSS केवल सेवा नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का मंच है। डॉ. आर्य जैसे व्यक्ति के मार्गदर्शन में छात्र निश्चय ही समाज के प्रति और अधिक सजग बनेंगे।
डॉ. अमरेन्द्र कुमार आर्य का प्रोफाइल–
डॉ. अमरेन्द्र आर्य मूलतः बिहार के सारण जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत डुमरी पंचायत के सिंगही गाँव से हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय में उनकी पहचान एक गंभीर अध्यापक, सक्रिय समाजसेवी और प्रेरणादायक वक्ता के रूप में है। डॉ. आर्य का विशेष योगदान एड्स जागरूकता एवं पीड़ितों के कल्याण के क्षेत्र में रहा है। NSS कार्यकाल के दौरान उन्होंने बिहार राज्य एड्स नियंत्रण संगठन (Bihar SACS) के सहयोग से सारण जिले के कई गाँवों में एड्स जन-जागरूकता अभियान चलाया और प्रभावितों के सहयोग में सक्रिय योगदान दिया। कॉलेज समुदाय के साथ-साथ NSS, जय प्रकाश विश्वविद्यालय के पूर्व समन्वयक प्रो. विद्या वाचस्पति त्रिपाठी, राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त मो. जहाँगीर सहित कई शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं पूर्व स्वयंसेवकों ने डॉ. आर्य को बधाई दी और उनके नेतृत्व में NSS की प्रगति की कामना की।

