दिल्ली नगर निगम के करीब ’5200 डीबीसी/सीएफडब्ल्यु (एमटीएस) कर्मियों’ की निगम मुख्यालय सिविक सेंटर के बाहर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। गुरूवार को ये मुद्दा निगम की स्थायी समिति तक भी पहुंच गया। लेकिन कोई हल नहीं निकला। जब पूरा देश करवा चैथ मना रहा है ऐसे में हड़ताली निगमकर्मियों की पत्नियां कैसे करवा चौथ का व्रत समापन करेंगी या बड़ा सवाल है?
स्थायी समिति की बैठक में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता विपक्ष अंकुश नारंग ने भाजपा शासित एमसीडी प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और इन कर्मियों की उपेक्षा का आरोप लगाया। भले ही स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा द्वारा बैठक में मीडिया पर वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटो लेने पर पाबंदी लगाई है लेकिन गुरूवार को नेता विपक्ष अंकुश नारंग ने सोशल मीडिया एक्स पर समिति बैठक में एमटीएस कर्मियों का मुद्दा जोर शोर से उठाया और इसका वीडियो भी को एक्स पर पोस्ट किया।
अंकुश नांरग ने बताया कि समिति बैठक में पार्टी के सभी पार्षदों ने एकजुट होकर एमटीएस कर्मियों की जायज़ मांगों को लेकर जोरदार तरीके से आवाज़ उठाई। वहीं, बैठक के दौरान स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि निगम इन कर्मियों के साथ है और उनकी सभी जायज़ मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। डीबीसी कर्मियों का मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसे रोगों की रोकथाम में उनका योगदान अमूल्य है। निगम उनकी समस्याओं को लेकर संवेदनशील है और हम चाहते हैं कि वे बिना किसी असंतोष के काम करें। उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया गया है और जल्द ही ठोस समाधान निकाला जाएगा। बता दें कि स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा की अध्यक्षता में गुरूवार को आयोजित स्थायी समिति की बैठक में नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, आवारा पशुओं एवं जन-सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा की गई और अधिकारियों को ठोस निर्देश दिए गए।
- मेयर के पास 10 मिनट का भी वक्त नहीं : अंकुश
अंकुश नारंग ने आरोप लगाते हुए कहा कि “पिछले 11 दिनों से ये कर्मचारी अपनी बहाली और स्थायीकरण की मांग को लेकर हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन भाजपा के महापौर और स्थायी समिति के अध्यक्ष के पास उनसे मिलने के लिए 10 मिनट का भी वक्त नहीं है। यह कर्मियों के आत्मसम्मान और उनके अधिकारों के साथ घोर अन्याय है। - महापौर और आयुक्त से सदन बैठक की मांग, लिखा पत्र
नेता विपक्ष अंकुश नांरग ने महापौर राजा इक़बाल सिंह, निगम आयुक्त अश्विनी कुमार और निगम सचिव शिवा प्रसाद को पत्र लिखकर एमटीएस कर्मियों की समस्याओं पर तत्काल चर्चा के लिए विशेष सदन बैठक बुलाने की मांग की है। नेता विपक्ष ने पत्र में कहा है कि जब आम आदमी पार्टी की सरकार थी, तब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सभी ’डीबीसी’ कर्मियों को ’एमटीएस’ का दर्जा दिया गया था और इसके लिए ’बजट में भी प्रावधान’ किया गया था। बावजूद इसके आज तक उन्हें ’समान वेतनमान और सुविधाएं’ नहीं मिली हैं, जो कि कर्मियों के साथ ’सीधा अन्याय’ है। - भाजपा सरकार ने करवा चौथ भी कर दिया फीका : संजय सिंह
निगम मुख्यालय धरना स्थल हड़ताली कर्मियों के बीच पहुंचे राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरूवार को कहा कि शुक्रवार को करवा चौथ का पावन त्यौहार है। देशभर की महिलाएं अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए व्रत रखेंगी, वहीं इन 5200 परिवारों के घरों में आज निराशा है। “आप” पार्टी इन कर्मियों के साथ तब तक खड़ी रहेगी जब तक इन्हें उनका पूरा अधिकार नहीं मिल जाता। संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने उन महिलाओं की उम्मीद तोड़ दी और उनका करवा चौथ भी फीका कर दिया। पीएम मोदी ने देश की माताओं-बहनों की रक्षा और सम्मान का वादा किया था लेकिन अब वही माताएं और बहनें अपने परिवार के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जब मेहनतकश कर्मियों को उनका हक़ नहीं मिलता तो यह सिर्फ़ एक विभाग की लड़ाई नहीं होती, बल्कि इंसाफ़ बनाम अन्याय की लड़ाई बन जाती है।

