लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर फायरिंग
उत्तर जिला की दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर रोहित गोदारा के एक सहयोगी को लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया है। यह फायरिंग पिछले मंगलवार को कश्मीरी गेट इलाके में हुई थी।
जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (सेंट्रल रेंज) मधुर वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रोहित सोलंकी इस वारदात में प्लानर और शूटर दोनों की भूमिका में था। फायरिंग अधिवक्ता दीपक खत्री पर की गई थी, जो गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील हैं।
ऐसे हुई गिरफ्तारी: घटनाक्रम
24 फरवरी को हुई फायरिंग के बाद आरोपी रोहित सोलंकी बैंकॉक भाग गया था और वहां से दुबई फरार होने की योजना बना रहा था। हालांकि दुबई का टिकट न मिलने के कारण वह भारत लौट आया, जहां दिल्ली में उत्तर जिला पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गैंग कनेक्शन की जांच
पुलिस के मुताबिक, रोहित सोलंकी रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा हुआ है। गोदारा विदेश में रहकर भारत में अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित कर रहा है।
क्या गैंग के भीतर है दरार?
पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर फायरिंग गैंग के वर्चस्व की लड़ाई का हिस्सा थी या फिर बिश्नोई गैंग के अंदरूनी विवाद का परिणाम। आरोपी से पूछताछ जारी है।
पुलिस ने रोहित सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने गैंग की लीगल टीम की कार पर उस समय फायरिंग की थी, जब वे बाबा मरघट नाथ मंदिर में दर्शन कर बाहर निकले थे।
यह वारदात मंगलवार रात कश्मीरी गेट इलाके में हुई थी। आरोपी ने कार पर करीब तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें कार में बैठे संदीप को एक गोली लग गई। घटना के अगले ही दिन आरोपी बैंकॉक फरार हो गया था।
पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। जैसे ही उसके भारत लौटने की सूचना मिली, टीम सक्रिय हो गई और बीती रात उसे माजरा डबास इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।

