DelhiCivicAlerts
BREAKING NEWSDelhi Alerts

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ जंतर-मंतर पर किसानों का प्रदर्शन, 15 अगस्त से पैदल यात्रा की चेतावनी

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने कहा— कृषि, डेयरी और पोल्ट्री क्षेत्र को समझौते से बाहर नहीं रखा गया तो देशव्यापी आंदोलन होगा

प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में सोमवार को संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन किया।

किसानों ने हाथों में संगठन के झंडे लेकर “अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर भारत से वापस जाओ” और “भारत में अमेरिका की दादागिरी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए।किसान नेताओं ने कहा कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए भारत दौरे पर आए हैं।

उनका आरोप है कि इस प्रस्तावित समझौते को लेकर देश के किसानों में गंभीर आशंकाएं और चिंताएं हैं।प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने कहा कि फरवरी 2026 में जिस व्यापारिक फ्रेमवर्क पर दोनों देशों के बीच हस्ताक्षर हुए थे, उसी आधार पर शुरुआती समझौते के दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। नेताओं का दावा है कि इस फ्रेमवर्क के तहत अमेरिका से आने वाले कृषि और खाद्य उत्पादों पर आयात शुल्क कम या समाप्त किए जाने की संभावना है, जिससे भारतीय कृषि क्षेत्र को बड़ा नुकसान हो सकता है।

किसान नेताओं के अनुसार, यदि अमेरिकी कृषि और खाद्य उत्पाद बिना या कम शुल्क के भारतीय बाजार में आते हैं, तो वे कम कीमत के कारण घरेलू किसानों के लिए प्रतिस्पर्धा को कठिन बना देंगे। उन्होंने इसे भारतीय कृषि क्षेत्र के लिए “डेथ वारंट” करार दिया।

संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने यह भी दावा किया कि अमेरिकी विदेश मंत्री के हालिया बयान के अनुसार अगले पांच वर्षों में भारत द्वारा अमेरिका से 500 बिलियन डॉलर के कृषि, ऊर्जा और औद्योगिक उत्पाद आयात किए जाने की बात कही गई है।

किसान नेताओं का कहना है कि इससे भारतीय कृषि क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार प्रस्तावित व्यापार समझौते से कृषि, डेयरी और पोल्ट्री क्षेत्रों को बाहर नहीं रखती है, तो 15 अगस्त से दातासिंहवाला-खनौरी मोर्चे से पैदल यात्रा शुरू की जाएगी। यह यात्रा 25 अगस्त को जंतर-मंतर पर विशाल किसान रैली के साथ समाप्त होगी।उन्होंने बताया कि प्रस्तावित आंदोलन की रणनीति तैयार करने के लिए 20 जुलाई को मध्य प्रदेश में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) की राष्ट्रीय बैठक आयोजित की जाएगी।प्रदर्शन में जगजीत सिंह डल्लेवाल, सतनाम सिंह बेहरु, पी.आर. पांडयन, जितेंद्र शर्मा, राजेन्द्र सिंह खालसा, हर्षदीप गिल, रामपाल शर्मा, चौधरी जीवन सिंह, प्रह्लाद सिंह पूनिया, चौधरी राजबीर सिंह सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।

Related posts

Unity Marches to Echo Sardar Patel’s Legacy Across North-West Delhi

Ruby Singh

दिल्ली के कनॉट प्लेस में दिखेगी उत्तर-प्रदेश और बिहार की झलक, तारीख नोट कर लीजिए

Ruby Singh

NDMC to Build 27-Meter Tall Clock Tower at Talkatora Roundabout – A New Architectural Landmark for the NDMC Area: Kuljeet Singh Chahal

Ruby Singh

Leave a Comment