DelhiCivicAlerts
BREAKING NEWSDelhi AlertsMunicipal Corporation of Delhi (MCD)

योगी मॉडल की तर्ज पर दिल्ली में कार्रवाई, उत्तम नगर के आरोपियों के घर पर चला बुलडोजर

राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुई वारदात के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों के घर को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जिसे कई लोग उत्तर प्रदेश में लागू ‘योगी मॉडल’ की तर्ज पर उठाया गया कदम मान रहे हैं।

एमसीडी के बुलडोज़र चलने के बाद की तस्वीर

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर आरोपियों के मकान पर कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए हैं।इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी थी और भरोसा दिलाया था कि दोषियों के खिलाफ जल्द और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि कानून के तहत दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इसे सख्त कानून व्यवस्था की दिशा में उठाया गया कदम मान रहे हैं।

उधर उत्तम नगर में निर्दोष युवक तरुण की घेर कर की गई निर्मम हत्या के मामले में दिल्ली सरकार द्वारा शुरू की गई कठोर कार्यवाही का विश्व हिन्दू परिषद, इंद्रप्रस्थ प्रांत ने स्वागत किया है।

विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत मंत्री सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने कहा कि इस जघन्य घटना से समाज में गहरा आक्रोश और पीड़ा व्याप्त थी। ऐसे समय में दिल्ली सरकार द्वारा अपराधियों के विरुद्ध त्वरित और सख्त कदम उठाना सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति तथा कानून व्यवस्था के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि आरोपियों के अवैध निर्माणों पर PWD एवं MCD द्वारा बुलडोजर कार्यवाही प्रारंभ किया जाना यह स्पष्ट संदेश देता है कि दिल्ली में अपराध और हिंसा को किसी भी परिस्थिति में सहन नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की निर्णायक कार्यवाही से भविष्य में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के मन में कानून का भय स्थापित होगा।

विश्व हिन्दू परिषद ने यह भी मांग की है कि इस जघन्य अपराध में शामिल आरोपियों को मिलने वाले सभी प्रकार के सरकारी अनुदान और सुविधाओं को तत्काल समाप्त करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जानी चाहिए, ताकि अपराधियों को किसी भी प्रकार का संरक्षण न मिले।

सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने कहा कि इस घटना से पीड़ित परिवार अत्यंत दुख और आघात की स्थिति में है। दिल्ली सरकार को चाहिए कि पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और आवश्यक सरकारी सहयोग प्रदान किया जाए, जिससे उन्हें कुछ राहत और संबल मिल सके।

विश्व हिन्दू परिषद, इंद्रप्रस्थ प्रांत इस मामले में दिल्ली सरकार द्वारा की जा रही कठोर और निर्णायक कार्यवाही का समर्थन करता है तथा अपेक्षा करता है कि दोषियों को शीघ्र और कठोर दंड मिले, जिससे समाज में न्याय और कानून के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने एक आरोप लगाते हुए ट्वीट किया

होली के दिन युवा तरुण की हत्या हुई और पीड़ित परिवार पुलिस पर आरोप लगा रहा है । आज पीड़ित परिवार से मिलने उत्तम नगर पहुंचे।

@DelhiPolice दिल्ली पुलिस ने हमे रोक दिया और हमारे सामने भाजपा के 20 लोगों को जाने दिया। मीडिया के सामने सब कुछ हुआ ।

कल हमारे पूर्व विधायक पीड़ित परिवार से मिलकर आए थे ।

ख़बर यहीं तक

Related posts

Delhi government has approved a 24-hour night shift policy for women working in stores and commercial establishments

Ruby Singh

सदन का कोरम बिगड़ा तो डिप्टी महापौर ने स्थगित कर दी बैठक

Ruby Singh

Expansion of Ujjwala Scheme to Prevent Pollution from Traditional Stoves and Coal-Fired Heaters

Ruby Singh

Leave a Comment