चेन्नई में आयोजित 23वीं एशियाई मास्टर्स एथलेटिक चैंपियनशिप में दिल्ली देहात के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 56 पदक जीतकर देश और राजधानी का नाम रोशन किया। 23 देशों के 3320 एथलीटों के बीच हुए इस मुकाबले में दिल्ली के खिलाड़ियों ने 6 स्वर्ण, 22 रजत और 28 कांस्य पदक हासिल किए।
दिल्ली मास्टर्स एसोसिएशन के सचिव रविंद्र कुमार ठाकरान ने बताया कि मीना सिंह ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर सबसे अधिक व्यक्तिगत स्वर्ण हासिल किए, जबकि प्रवीण जैन, रोशनी गुलाटी और डालिया थॉमस ने एक-एक स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
रजत पदक विजेताओं में प्रदीप माथुर, अरुण कुमार, प्रशांत राघव, कृष्णा, गौरव हुड्डा जैसे कई नाम शामिल हैं। सिरसपुर गांव की कृष्णा, जो नजफगढ़ निवासी हैं, ने 65+ आयु वर्ग की रेस में तीन रजत पदक जीतकर विशेष पहचान बनाई।
कांस्य पदक श्रेणी में प्रवेश तोमर, डॉ. रिचा सूद, सारिका यादव और गौरव मां हुड्डा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं बलजीत सिंह, टटेशर, जोंटी, हरि प्रकाश और प्रदीप कुमार ने चौथे स्थान पर मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसोसिएशन के प्रेसिडेंट जयदेव राणा, वाइस प्रेसिडेंट नवीन कुमार, सचिव रविंद्र कुमार ठाकरान और कोषाध्यक्ष बलजीत स्वयं चेन्नई में मौजूद रहे।
मास्टर्स एथलेटिक्स में 35 से 100 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग लेते हैं, जिसमें दौड़, थ्रो और जंप इवेंट्स शामिल होते हैं। दिल्ली का यह प्रदर्शन साबित करता है कि उम्र कभी भी खेल भावना और संकल्प के आगे बाधा नहीं बनती।
—ख़बर यहीं तक—

