आम आदमी पार्टी ने एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग पर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी है। दोबारा नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने पर अंकुश नारंग ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का आभार जताया है और पूरी निष्ठा व ईमानदारी से दिल्ली की जनता की आवाज एमसीडी के अंदर उठाने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि पिता तुल्य अरविंद केजरीवाल का मैं तहे दिल से हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझ जैसे एक साधारण कार्यकर्ता पर विश्वास जताते हुए मुझे पार्टी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपीं। मुझे पार्षद बनाया और अब पुनः दूसरी बार एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी देकर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, पार्षदों और कार्यकर्ताओं का भी हृदय से धन्यवाद किया है।
अंकुश नारंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पिछले वर्ष भी एमसीडी में विपक्ष में रहते हुए मजबूत और सकारात्मक भूमिका निभाई है। यह जिम्मेदारी मेरे लिए सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि जनता के विश्वास का प्रतीक है मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ दिल्ली की जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाता रहूंगा और भाजपा की नकारात्मकता और विफलताओं को जनता के बीच उजागर करता रहूंगा।
अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली ने देखा होगा कि जब भाजपा विपक्ष में थी, तो ढाई साल तक सदन चल ही नहीं पाया था। सदन सुचारू रूप से चले, यह केवल सत्ता पक्ष पर निर्भर नहीं करता, बल्कि विपक्ष पर भी निर्भर करता है कि वह कितने सकारात्मक तरीके से जनता की आवाज उठाता है और काम करवाता है। पिछले एक साल में आम आदमी पार्टी के विपक्ष में रहते हुए सदन चला भी और पार्षदों ने समय-समय पर जनता के विभिन्न मुद्दों को उठाया।
अंकुश नारंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सदन में मानसून, साफ न हुए नालों, जलभराव, प्रदूषण, मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया के बढ़ते मामलों को मजबूती से उठाया। गैस सिलेंडर की दिक्कत हो या यमुना की सफाई का मुद्दा, पार्टी ने हर विषय पर जनता की आवाज बुलंद की। इस बार एक्यूआई 400 पार का मुद्दा भी आम आदमी पार्टी ने ही एमसीडी सदन में उठाया था। विपक्ष में रहते हुए सभी “आप” पार्षदों ने बड़ी सकारात्मक भूमिका अदा की है और इस वर्ष भी हम सभी प्रण लेते हैं कि दिल्ली की जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार सदन में उठाते रहेंगे।
अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा ने पिछले एक साल में एमसीडी के अंदर कोई काम नहीं किया है। आम आदमी पार्टी उनकी नकारात्मकता और विफलताओं को लगातार दिल्ली की जनता के सामने उजागर करती रहेगी। आज दिल्ली में भाजपा की चार इंजन वाली सरकार है, अब उनकी कोई बहानेबाजी नहीं चल सकती, लेकिन इसके बावजूद वे दिल्ली की जनता के लिए कोई काम नहीं कर पा रहे हैं।
मानसून की तैयारियों पर बात करते हुए अंकुश नारंग ने कहा कि मैं स्टैंडिंग कमेटी की एक बैठक में मौजूद था, जहां एक रिपोर्ट आई जिसमें लिखा था कि 100 फीसद नालियां साफ कर दी गई हैं। वह रिकॉर्ड आज भी मेरे पास है। तब मैंने खड़े होकर कहा था कि मेरे ही वार्ड में 100 फीसद सफाई नहीं हुई है, तो अधिकारियों ने कैसे लिख दिया कि सारे नाले साफ हो गए हैं? बाद में मीडिया में आया कि पीडब्ल्यूडी ने 82 फीसद नाले साफ कर दिए हैं, लेकिन फिर भी दिल्ली के अंदर भारी जलभराव हुआ। जब मौजूदा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कह दिया कि दिल्ली की सड़कों पर कोई गर्म तवा थोड़ी लगा है कि पानी एकदम से सूख जाएगा।
अंकुश नारंग ने आगे कहा कि एमसीडी, दिल्ली जल बोर्ड और पीडब्ल्यूडी को मिलकर एक साथ काम करना पड़ेगा। आज एमसीडी और दिल्ली सरकार, दोनों जगह भाजपा की ही सत्ता है। इसलिए यह पूरी तरह से भाजपा की जिम्मेदारी बनती है कि इस साल दिल्ली में जलभराव न हो। मानसून से निपटने के लिए पहले से ही उचित पूर्वानुमान, योजना और उसका सही कार्यान्वयन होना बेहद जरूरी है।
वहीं, एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि भाजपा पिछले एक साल से दिल्ली में चार इंजन वाली सरकार चला रही है, लेकिन उनके चारों इंजन पूरी तरह से टूट और डूब चुके हैं, इनकी पटरियां उखड़ चुकी हैं और भाजपा पूरी तरह से जनता के सामने एक्सपोज हो गई है। अब ये लोग कहते हैं कि उन्हें और समय चाहिए क्योंकि पिछली सरकारों ने काम नहीं किया। इसलिए आम आदमी पार्टी ने यह तय किया है कि इस बार हम मेयर का चुनाव नहीं लड़ेंगे और भाजपा को एक मौका और देंगे, ताकि उनकी चार इंजन वाली सरकार जनता के लिए कम से कम एक फीसद तो काम करके दिखाए।
प्रवीण कुमार ने आगे कहा कि आज भाजपा के मेयर और डिप्टी मेयर के उम्मीदवारों ने अपना नामांकन भर दिया है। ये लोग ऐसे ही पर्चे भरते रहेंगे। चाहे इनका कोई भी मेयर आ जाए या कोई भी मुख्यमंत्री आ जाए, भाजपा की काम करने की नीयत ही नहीं है। इसके विपरीत, आम आदमी पार्टी ने विपक्ष में रहकर जिस तरह से दिल्ली की जनता के काम करवाए हैं, उससे भाजपा की असलियत पूरी तरह उजागर हो गई है।
प्रवीण कुमार ने कहा कि जिस तरह से अंकुश नारंग ने पिछले एक साल में दिल्ली एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाई है, वह बहुत शानदार रही है। अंकुश नारंग जिस बेबाक तरीके से अपनी बात रखते हैं, चाहे वह स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य के रूप में हो या सदन में नेता प्रतिपक्ष के रूप में, उनकी भूमिका बहुत सशक्त रही है। इसलिए अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि अंकुश नारंग को एमसीडी में पुनः नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी दी जाए। अंकुश नारंग पार्टी के शुरुआती कार्यकर्ताओं में से रहे हैं और उन्होंने शुरू से ही अरविंद केजरीवाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया है।
प्रवीण कुमार ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी समाज के सामने यह उदाहरण पेश कर रही है कि विपक्ष में रहकर भी दिल्ली की जनता के काम कैसे करवाए जाते हैं। आज दिल्ली की जनता रो-रोकर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को याद कर रही है कि आज अगर अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री होते, तो दिल्ली की जनता के साथ ऐसा अन्याय और गलत व्यवहार नहीं होता। भाजपा पूरी तरह से फेल हो चुकी है और आम आदमी पार्टी लगातार विपक्ष में रहकर उनके निकम्मेपन को एक्सपोज करती रहेगी।
उधर, एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक बेहद प्रशंसनीय फैसला लिया है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष रह चुके अंकुश नारंग को एक बार फिर से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। पिछले एक वर्ष में एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्होंने जिस हौसले के साथ कार्य किया है, वह बहुत ही सराहनीय है। उनके बेहतरीन काम को देखते हुए ही आम आदमी पार्टी ने यह निर्णय लिया है कि अंकुश नारंग को पुनः नेता प्रतिपक्ष बनाया जाए। पार्टी के सभी सदस्यों की ओर से अंकुश नारंग को एक बार फिर से नेता प्रतिपक्ष बनने पर हार्दिक बधाई। इस अवसर पर एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार, प्रीति डोंगरा, “आप” के सभी निगम पार्षद एवं कर्मठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ख़बर यहीं तक

